रतसर। सुखपुरा थाना क्षेत्र के पचखोरा चट्टी पर स्थित एक मोटर पार्ट्स की दुकान में रविवार को तड़के शार्ट सर्किट से आग लगने से लाखों रुपये मूल्य का सामान राख हो गया। आग इतनी भयंकर थी कि सूचना पर मौके पर पहुंचे अग्निशमन दस्ता को आग बुझाने में पसीने छूट गए।
खेजुरी थाना क्षेत्र के खड़सरा निवासी हसन रजा की मोटर पार्ट्स की दुकान पचखोरा चट्टी पर है। रोज की तरह शनिवार को सायं सात बजे वह दुकान बंदकर घर चले गए। रविवार की सुबह करीब पांच बजे उनकी दुकान के बगल में रहने वाले पड़ोसी ने उन्हें फोन पर सूचना दी कि उनकी दुकान से आग की लपटें और धुआं निकल रहा है। सूचना पर वह दुकान पर पहुंचे, तब तक आग पूरी दुकान को अपनी जद में ले चुकी थी। दुकान के दरवाजे भी दहक रहे थे। ऐसे में दुकान का ताला खोलना भी नामुमकिन लग रहा था। पुलिस सहित अग्निशमन दस्ते को इसकी सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे अग्निशमन दस्ते ने आग पर काबू पाया। हसन रजा ने बताया कि दुकान में आग बिजली के केबल के शार्ट करने से लगी है। बताया कि 10 लाख से अधिक का मोटरपार्ट्स का सामान राख हो गया है।