नगरा। क्षेत्र के डूमाडांड में इंजन से निकली चिंगारी से गेहूं की मड़ाई कर रहे ट्रैक्टर और इंजन दोनों जलकर राख हो गया। वहीं 200 से अधिक गेहूं का बोझ भी जलकर नष्ट हो गया। सूचना पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।
थाना क्षेत्र के ढेकवारी निवासी अमावस राम डूमाडांड मौजे में डीजल इंजन से गन्ने के खेत में पानी चला रहे थे। पास ही ढेकवारी के जोगेश्वरी देवी की ट्रैक्टर से गेहूं की मड़ाई हो रही थी। अचानक इंजन से निकली चिंगारी ने सबसे पहले नलकूप के छप्पर को अपने आगोश में लिया इसके बाद आग ने विकराल रुप धारण कर लिया। तेज पछुवा हवा के चलते पास ही मड़ाई के लिए रखे दो सौ से अधिक गेहूं के बोझ में आग लग गई। इसके बाद ट्रैक्टर व मड़ाई की मशीन जलने लगी। आग की लपटें देख आस पास के लोगों ने पहुंच कर आग बुझाने का प्रयास किया तब तक इंजन, गेहू, ट्रैक्टर और मड़ाई की मशीन जल कर स्वाहा हो गया। सूचना पर पुलिस व फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। फायर ब्रिगेड के जवानों ने किसी तरह आग पर काबू पाया।