मनियर थाना क्षेत्र के एलासगढ़ में शुक्रवार की रात ढिबरी से मोहन तुरहा के घर में लगी आग के बाद कई मड़हे एक-एक कर चपेट में आ गए। आग में लाखों रुपये नकदी सहित अन्य कीमती सामान जलकर राख हो गया। काफी मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया गया।
ग्रामीणों के मुताबिक मोहन तुरहा की औरत रेखा देवी शुक्रवार की शाम सात बजे ढिबरी जला रही थी। इसी बीच उनके हाथ से छूटकर ढिबरी गिर गई और मड़हे में आग पकड़ लिया।
अभी वह कुछ समझ पाते तब तक आग ने भोला तुरहा, बलिराम तुरहा, मन्नू तुरहा, अंगद तुरहा व रामेश्वर तुरहा की रिहायशी झोपड़ी को अपनी आगोश में ले लिया और सारा सामान जलकर राख हो गया। रामेश्वर तुरहा के अनुसार उनकी पुत्री रीता देवी का 30 हजार रुपये नकद व दस थान गहना जलकर राख हो गया।
वहीं रामेश्वर तुरहा ने बताया कि आग से नगदी सहित घर में सोने-चांदी का गहना जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार खुले आसमान में जीने को मजबूर है। आग लगी की खबर पर पहुंची भाजपा नेत्री केतकी सिंह ने जले हुए व्यक्तियों को तिरपाल मुहैया कराया।