बलिया। शहर के गुरूद्वारा रोड स्थित कला जोन के गोदाम में सोमवार की शाम पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। इस घटना में गोदाम समेत शोरूम में रखे लाखों का रेडिमेड गारमेंट व कीमती साड़ियां जलकर राख हो गईं। कुछ ही देर आग ने विकराल रुप धारण कर लिया और समूचे मकान को आगोश में ले लिया। मौके पर जुटे लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसी बीच सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां और दर्जन भर से अधिक जवान आग बुझाने में जुट गए। हालांकि पुलिस की तत्परता से इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लाखों रुपये की क्षति बताई जा रही है। उधर, सूचना पाकर मौके पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के अलावा एसपी देवरंजन वर्मा, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र दत्त द्विवेदी, सीओ सिटी एसएन वैभव पांडेय भी मौके पर पहुंच गए।
कयास लगाए जा रहा है कि गुरूद्वारा रोड़ स्थित कला जोन के चौथी मंजिल पर स्थित गोदाम में कही से उड़कर आई पटाखे की चिंगारी से कपड़ों में आग लग गई। कर्मचारियों नीचे दुकान में व्यस्त होने के कारण किसी को आग लगने की जानकारी नहीं हो पाई। देखते ही देखते आग ने भयंकर रूप धारण कर लिया। सबसे ऊपरी मंजिल पर शोरूम के मालिक रामकुमार मुन्ना का परिवार रहता है। आग का भयंकर स्वरूप देख मोहल्ले में खलबली मच गई। आग बुझाने के प्रयास में कुछ कर्मचारी और मोहल्लेवासी तीसरे तल पर फंस गए थे, जिन्हें पुलिस ने बाहर निकाला। आसपास के मकानों को पुलिस ने खाली करवा दिया है। हालांकि रात होने के कारण फायर बिग्रेड के जवानों को आग बुझाने के काम में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
आग देख कर बेहोश हुईं दो महिला कर्मचारी
शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित कपड़े के गोदाम में लगी आग को देख कर शो रुम में काम करने वाली दो महिला कर्मचारी बेहोश हो गईं। जिन्हें मौके पर पहुंचे चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया।