बलिया। एक ओर अयोध्या में नवनिर्मित भव्य और दिव्य मंदिर में श्रीरामलला विराजमान हो रहे थे तो दूसरी ओर प्रभु के आने के उत्सव में महर्षि भृगु की तपोस्थली राममय हो गई थी। सड़कों पर भगवा रंग की पताकाएं आस्था के उमड़ते ज्वार की कहानी बयां कर रही थीं। लोगों के उत्साह का आलम यह रहा कि दिन में ही कहीं पटाखे फूट रहे थे तो कहीं घंटे-घडियाल गूंज रहे थे। छोटे-बड़े सभी मंदिरों में आरती हो रही थी, तो सड़कों पर युवा डीजे की धुन नाचते दिखे। इसके अलावा शहर समेत देहात क्षेत्रों में शोभायात्रा निकाल कर लोगों ने अपनी आस्था का इजहार किया। इतना ही नहीं शहर की सड़कों समेत गलियों तक में भंडारे का आयोजन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद चखा। लबोलुवाब यह रहा कि बागी धरा सोमवार पूरी तरह प्रभु श्रीराम के आगमन का जश्न मनाती नजर आई। हालांकि इस ऐतिहासिक पल पर सुरक्षा के जिला प्रशासन मुस्तैद दिखा और पुलिस के जवान आला अधिकारियों के नेतृत्व में दिनभर गश्त करते रहे। इसके अलावा गैर संप्रदायों के धार्मिक स्थलों की सुरक्षा भी चाक चौबंद दिखी।
आतिशबाजी की रोशनी रंगीन हुआ आसमान
अयोध्या में श्रीरामलला के विग्र्रह की प्राण प्रतिष्ठा होते ही शहर के बालेश्वर मंदिर और आर्यसमाज रोड में रामभक्तों ने जमकर आतिशबाजी की। इसके अलावा देहात क्षेत्रों में लोगों ने जमकर पटाखे छोड़े। दिन में हुई आतिशबाजी से आसमान रोशनी से नहा उठा।
मंदिरों में दर्शन की लगी रही होड़
सोमवार को जहां अयोध्याधाम में श्रीरामलला के प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम चल रहा था तो वहीं, शहर स्थित प्रमुख मंदिरों में श्रद्धालुओं में दर्शन की होड़ लगी रही। लोगों ने पकड़ी स्थित कालीधाम मंदिर में दर्शन-पूजन किया। पुजारी रामबदन भगत ने श्रद्धालुओं में प्रसाद बांटा। उधर, नगर के बालेश्वर मंदिर, हनुमान गढ़ी मंदिर, दुर्गा मंदिर, श्रीरामजानकी मंदिर समेत अन्य देवालय भक्तों की भीड़ से पटे रहे। भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्त करनी पड़ी।
डीएम-एसपी करते रहे चक्रमण
जिलाधिकारी रविंद्र कुमार के साथ पुलिस अधीक्षक देव रंजन वर्मा ने सोमवार को शहरी क्षेत्र के विभिन्न मंदिरों का भ्रमण कर वहां की व्यवस्था का जायजा लिया और अपने अधीनस्थ अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को मंदिर समिति द्वारा नियुक्त वॉलिंटियर्स से सामंजस्य स्थापित कर शहर के भीड़भाड़ और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाकर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।