बलिया। पूर्व मंत्री व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में सहतवार थाने में बैरिया ब्लॉक में तैनात सचिव दिग्विजय सिंह पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। सचिव के नाम से जुड़ी फेसबुक यूजर आईडी से टिप्पणी करने का आरोप है। सीओ बांसडीह जयशंकर मिश्रा को मामले की जांच सौंपी गई है। थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, फेसबुक पर ‘दिग्विजय सिंह त्रिकालद्रष्टा’ नाम की आईडी से समाजवादी पार्टी के दिवंगत वरिष्ठ नेता के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक भाषा, गाली-गलौज और अश्लील शब्दों का प्रयोग करते हुए टिप्पणी की गई थी। टिप्पणी का स्क्रीनशॉट पुलिस को व्हाट्स एप से मिला था।
तहरीर में कहा गया कि टिप्पणी के जरिए दिवंगत जनप्रतिनिधि की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने और उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया। पुलिस के अनुसार ऐसी टिप्पणी से आमजन में आक्रोश और शांति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई गई है। इसी आधार पर थानाध्यक्ष की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। थानाध्यक्ष प्रशांत चौधरी ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर शांति भंग के तहत चालान की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सोशल मीडिया पोस्ट और संबंधित आईडी की भी जांच कर रही है।