जयप्रकाश नगर। कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को सड़क हादसे में बाइक की टक्कर से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा मठ योगेंद्र गिरि पेट्रोल पंप के पास हुआ। मृतक के भतीजा सुनील राजभर की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात बाइक चालक पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। हथुई गांव निवासी सुनील राजभर ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि अपने गांव के अन्य लोगों और चाचा छोटेलाल राजभर (55) के साथ पिकअप से देवघर जा रहे थे। मठ योगेंद्र गिरि पेट्रोल पंप के पास छोटेलाल को लघुशंका लगी, जिस पर वाहन रोक दिया गया। वह सड़क किनारे लघुशंका के लिए जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे बाइक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए छोटेलाल को टक्कर मार दी। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। बाइक चालक की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस तहरीर के आधार पर कार्रवाई में जुटी है।