बांसडीह। निवेश पर मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर हजारों लोगों की गाढ़ी कमाई डकारने की आरोपी मल्टी स्टेट क्रेडिट सोसाइटी के खिलाफ पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई की है। बांसडीह पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर कंपनी के सीएमडी समीर त्यागी, उनकी पत्नी सानिया अग्रवाल, श्रेयस तलपड़े, आरके शेट्टी, संजय मुदगिल, शबाब हुसैन व वाराणसी के अजय सिंह चौहान और कई अज्ञात के विरुद्ध धोखाधड़ी और आपराधिक साजिश की प्राथमिकी दर्ज की गई है।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह के अनुसार, प्राथमिकी दर्ज कराने वाले बकवा निवासी पीड़ित कमइच्छा प्रसाद के अनुसार, आरोपी 2009 से ही जनपद में सक्रिय थे। पहले एडवांटेज और फिर आप्शन वन इंडस्ट्री लिमिटेड के नाम पर रुपये जमा कराए गए। साल 2016 से एलयूसीसी (लोन अर्बन मल्टीस्टेट क्रेडिट थ्रिफ्ट कोऑपरेटिव सोसाइटी) के बैनर तले निवेश का खेल शुरू हुआ। बांसडीह में बाकायदा सुविधा केंद्र खोलकर एजेंटों के माध्यम से करोड़ों रुपये निवेश कराए गए। आरोप लगाया कि 27 नवंबर 2024 को सुनियोजित तरीके से कंपनी का ऑनलाइन पोर्टल बंद कर दिया गया और सभी जिम्मेदार अधिकारी गायब हो गए। प्रभारी निरीक्षक के अनुसार, निवेशकों को शक है कि मास्टरमाइंड समीर त्यागी और उसके साथी विदेश भागने की फिराक में हैं। इसे देखते हुए पुलिस अब इनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने पर भी विचार कर रही है। मामले में न्यायालय के आदेश पर मुंबई निवासी समीर त्यागी, सानिया अग्रवाल, श्रेयस तलपड़े, आरके शेट्टी, संजय मुदगिल, शबाब हुसैन व वाराणसी के अजय सिंह चौहान और कई अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। ठगी गई रकम का आकलन किया जा रहा है। आरोपियों के बैंक खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया भी शुरू की जा सकती है। जल्द ही एक विशेष टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए मुंबई और वाराणसी रवाना होगी।