बेल्थरारोड। सीयर ब्लॉक प्रमुख चुनाव के मतगणना के दौरान प्रत्याशी समर्थकों के बीच कहासुनी, बवाल और हंगामे के मामले में उभांव पुलिस की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सीयर ब्लॉक के चौकीदार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस की गोपनीय कार्रवाई की भनक लगने के बाद दोनों प्रत्याशी और समर्थकों में आक्रोश व्याप्त है।
सीयर ब्लाक प्रमुख चुनाव के मतगणना के दौरान संदिग्ध क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मतदान को लेकर दोनों प्रत्याशियों के समर्थक आपस में उलझ गए थे। मौके पर जमकर कहासुनी, बवाल और हंगामा हुआ था। करीब आधे घंटे तक मतगणना का कार्य प्रभावित रहा था। स्थिति को लेकर प्रशासनिक अधिकारी भी कुछ देर के लिए दहशत में आ गए थे। एसडीएम सर्वेश कुमार और उभांव थानाध्यक्ष ज्ञानेश्वर मिश्र की ओर से उच्चाधिकारियों को हंगामे की सूचना दिए जाने के बाद एएसपी संजय यादव और एडीएम रामआसरे भी मौके पर पहुंचे, तब जाकर स्थिति नियंत्रित हुई थी। इस मामले में पुलिस ने चौकीदार बच्चालाल की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद जांच शुरू कर दी है।