बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र में नाबालिगों लड़कियों से ऑनलाइन अश्लील चैट करने के मामले में पुलिस ने शहनवाज आलम निवासी बांसडीह (बहादुरगंज) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम लखनऊ से प्राप्त एक अतिसंवेदनशील रिपोर्ट के आधार पर की गई।
साइबर हेल्प डेस्क प्रभारी उप निरीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि यह मामला प्रायोरिटी लेवल-2 (निकट भविष्य में संभावित जोखिम) का है। आरोपित शहनवाज आलम पर दो नाबालिग लड़कियों से ऑनलाइन अश्लील चैट करने, शारीरिक संबंध बनाने की मांग करने और कथित तौर पर निजी अंगों की तस्वीरें भेजने का गंभीर आरोप है। शिकायत में प्राप्त सॉफ्ट डेटा में दो आपत्तिजनक तस्वीरें भी शामिल हैं।
उप-निरीक्षक ने अपनी रिपोर्ट में स्पष्ट किया है यह कृत्य सूचना प्रौद्योगिकी (संशोधन) अधिनियम 2008 का सीधा उल्लंघन है। इसके तहत इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री प्रकाशित या प्रसारित करने पर पांच साल तक की जेल और भारी जुर्माने का प्रावधान है। पुलिस ने तुरंत आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने और वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर मामले में गहन जांच शुरू करेगी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश उपाध्याय ने बताया कि प्रकरण में अभियोग पंजीकृत कर आरोपित की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।