बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के केदारपुर में पुरानी रंजिश को लेकर मनबढ़ों ने खेत से घर लौट रहे किसान को मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। मामले में पीड़ित किसान की तहरीर पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पीड़ित किसान कमलदेव सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने मक्के के खेत की रखवाली कर घर लौट रहे थे। रास्ते में बैठकर शराब पी रहे तीन युवक उन्हें रोककर गाली देने लगे और इसके बाद मारपीट कर उनका सिर फोड़ दिया। वे जान बचाकर घर भागे तो मनबढ़ों ने घर पर पहुंचकर ईंट-पत्थर चलाए और हंगामा किया। पीड़ित ने गांव के अभिषेक सिंह व रोहित सिंह समेत सहतवार क्षेत्र के छपिया बिसौली निवासी मोनू सिंह के खिलाफ नामजद तहरीर दी। पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस संबंध में कोतवाल योगेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।