बेल्थरारोड। उभांव पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के दो कर्मचारियों पर महिलाओं के अंगूठे लगवाकर 15.96 लाख रुपये उनके खाते से निकाल लेने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर फाइनेंस कंपनी के शाखा प्रबंधक की तहरीर पर की है।
तहरीर में कहा गया कि भारत फाइनेंशियल इंक्लूजन लिमिटेड कंपनी द्वारा गरीब महिलाओं का समूह बनाकर स्वरोजगार के लिए उन्हें ऋण दिया जाता है। इन्हें महिलाएं साप्ताहिक किस्त के रूप में संगम मीटिंग के माध्यम से कर्मचारियों द्वारा जमा करती हैं। 31 मई 2022 को कर्मचारी संजीव कुमार यादव ने महिलाओं के खाते से 14.24 लाख और अजीत कुमार वर्मा ने 1.72 लाख गरीब महिलाओं को ऋण देने के बजाय उनको धोखा देकर फर्जी अंगूठा लगा निकाल लिया। उन महिलाओं के यहां साप्ताहिक वसूली पर गया तो पता चला कि उनके खाते में पैसा गया ही नहीं।
बैंक द्वारा ऑडिट किया गया तो पता चला कि इन दोनों कर्मचारियों द्वारा बैंक को धोखा देकर गबन करने की नीयत से पैसा निकाल लिया गया है। सूचना उभांव थाना को दी गई। उभांव पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं किए जाने की दशा में रजिस्टर्ड डाक द्वारा पुलिस अधीक्षक को प्रेषित किया गया। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होने पर अदालत का दरवाजा खटखटाया। इस मामले में सुनवाई करते हुए सीजेएम न्यायालय ने उभांव पुलिस को सुसंगत धाराओं में केस दर्ज कर नियमानुसार विवेचना कर रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत करने का आदेश दिया।