मईल (देवरिया)। भागलपुर ब्लॉक के परिषदीय विद्यालयों में फर्जी और कूटरचित शैक्षिक अभिलेखों के आधार पर नौकरी करने वाले दो बर्खास्त शिक्षकों पर पुलिस ने बुधवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बीएसए के निर्देश पर बीईओ सूरज कुमार भागलपुर की तहरीर पर मईल पुलिस ने कार्रवाई की है। दोनों बलिया जिले के रहने वाले हैं।
जानकारी के अनुसार, एसटीएफ की जांच में फर्जी और कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर नियुक्त पाने वाले दोनों शिक्षकों की सेवाएं करीब छह माह पहले समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद बीएसए कार्यालय की ओर से संबंधित शिक्षकों पर आपराधिक कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए थे।
इस जांच में भागलपुर ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय अंडिला में तैनात रहे प्रधानाध्यापक जयप्रकाश तिवारी, निवासी बालूपुर, ब्लॉक मनियर, जनपद बलिया और प्राथमिक विद्यालय बलिया दक्षिण में तैनात रहे प्रधानाध्यापक संतोष कुमार उपाध्याय, निवासी चिन्तामनपुर, ब्लॉक चिलकहर, जनपद बलिया ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नियुक्ति प्राप्त की थी।
एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।