बांसडीह। कोतवाली क्षेत्र के केवरा में जमीन की पैमाइश के बाद राजस्व विभाग की ओर से लगाए गए पत्थरों को उखाड़ने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में एसीजेएम प्रथम ने मुकदमे का आदेश दिया। बांसडीह पुलिस ने एक ही परिवार के अशोक कुमार सिंह सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
मामला क्षेत्र के ग्राम केवरा का है। सुरहिया निवासी चंपा देवी ने अदालत में प्रार्थना पत्र दिया था कि उन्होंने 2017 में केवरा में जमीन खरीदी थी। जमीन पर कब्जा दिलाने के लिए एसडीएम बांसडीह ने आदेश जारी किया था। इसके अनुपालन में राजस्व टीम ने पत्थर नसब कर सीमांकन किया था। आरोप है कि विपक्षियों ने पत्थरों को उखाड़ दिया। पीड़िता के अनुसार, आठ नवंबर को जब अशोक कुमार सिंह, अजीत व अन्य सहयोगियों ने पत्थरों को उखाड़ना शुरू किया तो विरोध करने पर पीड़िता और उसके पति को पीटने की धमकी दी गई। पीड़िता ने अदालत में वाद दायर किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने संबंधित थाने को तत्काल एफआईआर दर्ज करने का निर्देश दिया। पुलिस ने अशोक कुमार सिंह, अजीत, शैल कुमारी, रूबी और शिव कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
बांसडीह के प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। विवेचना की जा रही है।