बलिया/जयप्रकाश नगर। गमन के मामले में विकासखंड मुरली छपरा के सोनकीभाट के ग्राम प्रधान का वित्तीय अधिकार सीज कर दिया गया है। अब ग्राम पंचायत के खातों के संचालन अब त्रिस्तरीय कमेटी करेगी। इसके लिए जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश भेज दिया है।
त्रिस्तरीय कमेटी में ग्राम पंचायत के वार्ड नंबर एक से निर्वाचित सदस्य रविंद्र, वार्ड नम्बर 14 से निर्वाचित सदस्य कमलेश और वार्ड नंबर 15 से निर्वाचित सदस्य लक्ष्मण को नामित किया गया है। बता दें कि बलिया सांसद की ओर से ग्राम पंचायत सोनकी भाट के ग्राम प्रधान के खिलाफ आरोप लगाया गया था कि विकास कार्यों में धांधली की गई है। इसे गंभीरता से लेते हुए पहले ही जिला पंचायत राज अधिकारी ने ग्राम पंचायत सोनकी भाट के खातों पर रोक लगा दी थी। उसके बाद जिलाधिकारी की ओर से गठित तीन सदस्यीय टीम ने ग्राम पंचायत में कराए गए कार्यों जांच की तो 53605 रुपये का गमन पाया गया। जांच कमेटी के रिपोर्ट पर जिलाधिकारी ने सोनकीभाट के ग्राम प्रधान शारदा देवी के समस्त वित्तीय व प्रशासनिक अधिकार पर रोक लगाकर त्रिस्तरीय कमेटी गठित कर दिया। जिलाधिकारी ने आदेश में कहा गया है कि ग्राम प्रधान के खिलाफ भ्रष्टाचार में लिप्त रहने व पद का दुरुपयोग करने के साथ ही दायित्वों के निर्वहन करने के शिकायत की अंतिम जांच अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग करेंगे। इसके बाद ही अंतिम निर्णय दिया जा सकेगा।