बलिया। बांसडीह थाने में तैनात रिक्रूट आरक्षी परितोष मिश्रा के निधन पर मंगलवार को पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने जिला अस्पताल परिसर में नम आंखों से श्रद्धांजलि दी। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह समेत अधिकारियों ने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर राजकीय सम्मान के साथ अंतिम सलामी दी। इसके बाद शव को उनके पैतृक जनपद प्रयागराज स्थित मूल निवास के लिए रवाना किया गया।
पुलिस के अनुसार, मूल रूप से प्रयागराज के रहने वाले आरक्षी परितोष मिश्रा 13 सितंबर को सिपाही शिवगोपाल पाल को इलाहाबाद हाईकोर्ट में बेल कमेंट दाखिल करने के लिए जाने के क्रम में बलिया रेलवे स्टेशन छोड़ने अपनी निजी मोटरसाइकिल से गए थे। 14 सितंबर को करीब 10 बजे बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता गांव के पास एक तालाब में आरक्षी परितोष मिश्रा का शव मिला। सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद क्षेत्राधिकारी बांसडीह, प्रतिसार निरीक्षक, प्रभारी निरीक्षक बांसडीह, थानाध्यक्ष बांसडीहरोड समेत पुलिसकर्मियों ने दिवंगत आरक्षी को राजकीय सम्मान के साथ श्रद्धांजलि दी।