सुदिष्ट बाबा के समाधि पर लगने वाला धनुष यज्ञ मेला बुधवार को शुरू हो गया। मेले का शुभारंभ धर्म ध्वज फहराने के अलावा संत रामबालक बाबा और श्याम बाबा के फीता काटने के साथ हुआ। इस दौरान रामबालक बाबा ने सुदिष्ट बाबा के कार्यों और उनके भक्तों के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि राम नाम में अपार शक्ति है, राम के नाम लेने से ही जीवन के पाप धुल जाते हैं।
सुदिष्ट बाबा के समाधि स्थल पर संत श्याम बाबा ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ कर श्रद्धालुओं को बताया कि संत कभी मरता नहीं है, वे अमर होते हैं। उसी तरह सुदिष्ट बाबा आज भी हम लोगों के बीच कहीं न कहीं हैं। वहीं संत रामबालक बाबा ने सुदिष्ट बाबा के चमत्कारों को लोगों को विस्तार से बताया।
कहा कि मेले के आनंद लेने आने वाले मेलार्थी पहले सुदिष्ट बाबा का दर्शन करें, फिर मेले का आनंद उठाएं। संत रामबालक और श्याम बाबा समाधि स्थल पर पहुंचकर सुदिष्ट बाबा के यहां मत्था टेका। इसके बाद वे कुटिया में बैठकर मेले में आए भक्तों को प्रसाद के रूप में जलेबी का वितरण किया।
इस मौके पर ग्राम प्रधान जनक दुलारी, प्रधानपति गौरीशंकर गुप्त, प्रधान प्रतिनिधि रोशन गुप्ता, सुनील भारती, शिवजी सिंह, विद्या, इंद्रभूषण सिंह, ग्राम पंचायत सचिव संजय, एडीओ पंचायत उमेश आदि उपस्थित रहे।