रूद्रव्रत(पीडिया) पर्व पर लालगंज क्षेत्र के सतीघाट पर स्नान करती व्रती महिलाएं व युवतियां।
- फोटो : BALLIA
बलिया/रामगढ़/ दयाछपरा/ लालगंज। पीड़िया पर्व पर बुधवार की भोर में लड़कियों और महिलाओं ने गोबर से बनाई गई पीड़िया को गंगा के विभिन्न घाटों पर प्रवाहित किया। उन्होंने मंगलवार को रखे व्रत को प्रवाह के बाद चिउड़ा और मिष्ठान से पारण कर पूरा किया। इस दौरान घाटों पर सुरक्षा के इंतजाम नहीं दिखे। गोवर्धन पूजा के एक माह बाद होने वाले पीड़िया पर्व पर बहनें अपने भाइयों की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं। इसी के तहत मंगलवार को बहनों ने व्रत रखा और बुधवार को गोवर्धनू पजा के बाद बनाए गए पीड़िया को गंगा नदी के शिवरामपुर, हुकुम छपरा व गंगापुर गंगा घाट पर प्रवाहित किया। सुबह ही गांवों से ट्रैक्टर ट्रालियों पर सवार लड़कियां और महिलाएं पारंपरिक गीत गाते हुए घाटों पर पहंची और पीड़िया को गंगा में प्रवाहित किया। इसके बाद एक दूसरे को पर्व की बधाई दी। चिउड़ा और मिष्ठान बांटे और उसका पारण कर व्रत तोड़ा। लालगंज : पीड़िया भाई बहन का एक महत्वपूर्ण पर्व है जो हर साल अगहन शुक्ल पक्ष में मनाया जाता है। मंगलवार को भी पर्व मनाया गया और बुधवार को सुबह सती घाट, शिवपुर घाट व बहुआरा घाट पर पीड़िया को प्रवाहित किया गया। उधर, घाटों पर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। घाटों पर गोताखोरों की व्यवस्था भी नहीं दिखी और न ही घाट पर खतरनाक स्थानों को चिह्नित ही किया गया था। चंद पुलिस कर्मी इतनी भीड़ को संभालने के लिए मौजूद थे।