एनएच 31 बैरिया- मांझी मार्ग स्थित शिवन टोला के समीप हुए सड़क हादसे के बाद जाम करते लोग।
- फोटो : BALLIA
जयप्रकाश नगर। बैरिया थाना क्षेत्र में बैरिया-मांझी मार्ग पर स्थित एक निजी स्कूल के सामने शुक्रवार की सुबह ट्रक की चपेट में आने से घायल किसान की मौत हो गई। आसपास के युवकों ने चार किलोमीटर तक ट्रक का पीछा करने के बाद बैरिया बाजार में ट्रक को पकड़ा और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी होने पर किसान के गांव के लोगों ने सुबह नौ बजे एनएच पर जाम लगा दिया। सूचना पर पहुंचे चांददीयर चौकी प्रभारी सूरज सिंह ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी। बाद में उपजिलाधिकारी सुरेश पाल मौके पर पहुंचे और समझा कर 11 बजे जाम समाप्त कराया।
दोकटी थाना क्षेत्र के कर्ण छपरा गांव निवासी रामसागर सिंह खेत में खाद डालने के लिए शिवन टोला बाजार गए और वहां दुकानदार को पैसा देकर वापस पैदल गांव जा रहे थे। बाजार से कुछ ही दूरी पर स्थित एक निजी स्कूल के पास पहुंचे ही थे की पीछे से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए जिससे उनकी मौत मौके पर हो गई। कुछ ही दूूरी पर युवकों ने ट्रक का पीछा किया और बैरिया बाजार में पहुंचते ही पकड़ लिया और चालक को पुलिस के हवाले कर दिया। उधर, हादसे की जानकारी होते ही कर्ण छपरा गांव के लोग घटना स्थल पर पहुंचे और सुबह नौ बजे एनएच पर जाम लगा दिया। वे मौके पर जिलाधिकारी के आने की मांग करने लगे। चांददीयर प्रभारी ने समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई नहीं सुना तो उन्होंने एसएचओ संजय त्रिपाठी को अवगत कराया। एसएचओ भी मौके पर भी पहुंचे और जाम लगाने वालों को समझाने का प्रयास किया लेकिन वे नहीं माने तो उन्होंने उपजिलाधिकारी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे उपजिलाधिकारी बैरिया सुरेश पाल ने परिजनों व जाम लगाने वालों को मृतक के परिजनों को किसान योजना के तहत पांच लाख रुपये व पारिवारिक लाभ दिलाने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने कहा कि यह मार्ग गढ्ढानुमा है ओर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से आए हादसे हो रहे हैं। एसडीएम ने आश्वस्त किया कि इसे रोकने के बैरियर लगाए जा रहे हैं। उधर, हादसे के बाद परिवार सहित गांव में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी पुष्पा देवी, मां सुनैना देवी रोते रोते बेसुध हो रही थीं।
-
जाम के कारण लोगों को हुई परेशानी
जयप्रकाश नगर। एनएच के दो घण्टे जाम होने से आम राहगीरों को तरह तरह की परेशानियां उठानी पड़ी। इस दौरान बाइक सवार तो सड़क के नीचे खेतों में होकर किसी तरह आते-जाते रहे लेकिन अन्य वाहनों से यात्रा कर रहे लोग काफी परेशान रहे।