उभांव थाना क्षेत्र के मालीपुर गांव निवासी मृतका शिवांगी वर्मा। फाइल फोटो, परिजन
बलिया। गोरखपुर में स्पाइसजेट से जुड़ी मालीपुर की एक युवती की मौत की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। घटना के बाद परिजन गहरे सदमे में हैं और पटीदारों ने भी चुप्पी साध ली है। मौत के बाद परिजन दाह संस्कार गोरखपुर में कर वापस घर पहुंच कर आगे का क्रिया क्रम कर रहे हैं। घटना का लेकर कोई कुछ बताने को तैयार नहीं है।
मालीपुर चट्टी निवासी विसेंद्र सोनी की पुत्री शिवांगी वर्मा गोरखपुर में स्पाइसजेट में नौकरी करती थी। वहीं, पर किराया के कमरे में रहती थी। युवती ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश पोस्ट किया, जिसके बाद उसकी मौत की खबर सामने आई। पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मंगलवार को परिजन घर पर ही मौजूद रहे, लेकिन वे किसी से बात करने की स्थिति में नहीं थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध हैं। मालीपुर चट्टी पर स्थित उसके पिता की आभूषण की दुकान है, वह भी घटना के बाद से बंद है। क्षेत्र में हर तरफ इस घटना को लेकर शोक और सन्नाटा का माहौल बना हुआ है।