बैरिया। बिहार की महिलाएं यहां की फर्जी आईडी के बूते प्रधानी चुनाव की गणित बिगाड़ सकती है। कोलकाता, दिल्ली, मुंबई, गुजरात, असम, मध्य प्रदेश में नौकरीपेशा परिवार की महिलाओं की सूची क्षेत्र के कई ग्राम पंचायतों में तैयार करने की चर्चा है।
रेवती थाना अंतर्गत गोपालनगर, दुर्जनपुर, बैरिया थाना क्षेत्र के रामपुर कोड़रहा, इब्राहिमाबाद नौबरार आदि कई ग्राम पंचायतों में फर्जी आईडी बनाने के मामलों को लेकर इन दिनों चर्चा का बाजार गर्म है। कई दावेदारों का कहना है कि सीमावर्ती बिहार की महिलाओं का फोटो लेकर गैर राज्यों में रहने वाली महिलाओं के नाम पर फर्जी आईडी और आधार कार्ड तैयार किया जा रहा है। बताया जाता है कि कुछ दावेदारों की ओर से बिहार की महिलाओं के जरिये घूंघट की आड़ में मतदान कराने की तैयारी है। दुर्जनपुर ग्राम पंचायत के कई दावेदारों का कहना है कि दुर्जनपुर में गोलीकांड के बाद मतदान केंद्र को अतिसंवेदनशील प्लस बनाया गया है, लेकिन निष्पक्ष मतदान के लिए घूंघट की आड़ में फर्जी आईडी के बूते मतदान करने वाली महिलाओं पर अंकुश लगाना आवश्यक है।
फर्जी आईडी पर मतदान करने वाले लोगों पर अंकुश लगाया जाएगा। मौके पर पकड़े जाने पर संबंधित के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा भी पंजीकृत कराया जाएगा। तहसील क्षेत्र में निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव हर हाल में कराया जाएगा। - प्रशांत कुमार नायक, उपजिलाधिकारी, बैरिया