दयाछपरा निवासी सीआरपीएफ जवान के निधन के बाद गॉर्ड ऑफ ऑनर की सलामी देते जवान। जागरुक पाठक
दया छपरा। बैरिया थाना क्षेत्र के दयाछपरा गांव निवासी सीआरपीएफ जवान घनश्याम राम (52) का इलाज के दौरान एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह सीआरपीएफ की 102वीं बटालियन में तैनात थे। उनके निधन की खबर मिलते ही दयाछपरा सहित आसपास के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार की शाम बटालियन के जवान उनका पार्थिव शरीर लेकर पैतृक आवास पहुंचे तो तिरंगे में लिपटे साथी जवान को देखकर परिजनों और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। इसके बाद पचरुखिया गंगा घाट स्थित मुक्ति धाम पर राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुत्र विशाल कुमार ने पिता को मुखाग्नि दी। पत्नी प्रमिला देवी का पहले ही निधन हो चुका है। घनश्याम राम को पुत्र विशाल कुमार (20) और दो पुत्रियां प्रतिमा (30) व उजाला (19) हैं।
केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, वाराणसी से पहुंचे इंस्पेक्टर निरंजन कुमार सिंह के नेतृत्व में 15 सदस्यीय टीम ने अपने साथी जवान को गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इससे पहले पूर्व जिला पंचायत सदस्य मनोरंजन राव के बड़े भाई घनश्याम राम का पार्थिव शरीर पैतृक आवास पहुंचते ही शुभचिंतकों, मित्रों और रिश्तेदारों का तांता लग गया। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने शोक संतप्त परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। इस मौके पर तिवारी प्लाजा के निदेशक विजय कुमार तिवारी, पूर्व विधायक सुरेंद्र नाथ सिंह, ग्राम प्रधान हृदयानंद वर्मा, राजकुमार रजक सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।