बेसिक शिक्षा विभाग धनतेरस, दीपावली और छठ से पहले सभी संविदा कर्मियों को मानदेय/वेतन देने की तैयारी में है। रविवार को अवकाश होने के बावजूद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने इस संबंध में सत्येंद्र कुमार राय (जिला समन्वयक बालिका शिक्षा), ओमप्रकाश सिंह (जिला समन्वयक समेकित शिक्षा/प्रभारी प्रशिक्षण) करमेंद्र कुमार सिंह (लेखाकर, समग्र शिक्षा अभियान) के साथ ही कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय के सभी वार्डेन व लेखाकार को पत्र जारी किया। उन्होंने निर्देश दिया है कि शिक्षामित्र, अनुदेशक, समस्त कस्तूरबा स्टाफ व जिला परियोजना कार्यालय में कार्यरत जिला समन्वयकों और कार्मिकों के मानदेय भुगतान संबंधित पत्रावली/ बिल प्रत्येक दशा में सात नवंबर तक प्राप्त कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा कि दशा में किसी भी विषम परिस्थिति के लिए उनकी जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही समस्त कस्तूरबा गांधी वार्डेन एवं लेखाकरों को उसी दिन दोपहर 12 बजे तक मानदेय भुगतान संबंधित पत्रावली के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सभागार में उपस्थिति होने का निर्देश दिया गया है। शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष पंकज सिंह ने धनतेरस, दीपावली व छठ के पहले मानदेय भुगतान के लिए बीएसए द्वारा निर्देश दिए जाने पर प्रसन्नता जताई है।