आजमगढ़ मंडल के अपर आयुक्त (प्रशासन) केके अवस्थी ने नगर पालिका में हुई वित्तीय अनियमितता एवं फर्जी टेंडर पर अनैतिक भुगतान की रिपोर्ट तलब की है। इससे नपा कर्मियों में हड़कंप की स्थिति है। अपर आयुक्त ने यह कार्रवाई नगर पालिका के पूर्व सभासद आदर्श मिश्रा झब्बू के शिकायती पत्र का संज्ञान लेते हुए की है।
अपने शिकायती पत्र में पूर्व सभासद ने आरोप लगाया था कि एनसीसी तिराहे से लेकर डाॅ. डी.राय के नर्सिंग होम तक नगर पालिका परिषद द्वारा कराए गए निविदा को तत्कालीन जिलाधिकारी द्वारा निरस्त कर दिया गया था। साथ ही टीडी काॅलेज चौराहे से पार्क इन होटल तक फोरलेन सड़क व नाली निर्माण से संबंधित पत्रावली लोक निर्माण विभाग से मंगाकर जांच कराई थी, जिसमें दोनों तरफ गहरी नाली बनाने की निविदा किया गया था। जिसके कारण नगर पालिका परिषद द्वारा बनाई गई निविदा को भी तत्कालीन डीएम द्वारा निरस्त कर दिया गया था और भविष्य में अन्य विभाग द्वारा उक्त स्थान पर निविदा नहीं कराने का निर्णय लिया गया। साथ ही संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्यवाही का निर्देश दिया था, लेकिन नगर पालिका परिषद के पूर्व अधिशासी अधिकारी सत्य प्रकाश सिंह द्वारा उक्त निविदा की छायाप्रति पत्रावली तैयार कर 15वें वित्त आयोग के मद से करीब 48 लाख रुपये का भुगतान कर दिया गया। पूर्व सभासद ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि नगर पालिका द्वारा उक्त निविदा फर्जी तरीके से कराई गई है। जबकि पूर्व अध्यक्ष अजय कुमार द्वारा उक्त निविदा की स्वीकृति तक नहीं दी गई है। बावजूद इसके तत्कालीन ईओ द्वारा उक्त निविदा में भुगतान की कार्यवाही की गई है।
000
डीजल आपूर्ति के नाम अधिक भुगतान का आरोप
पूर्व सभासद ने अपने शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि अध्यक्ष संतकुमार उर्फ मिठाई लाल द्वारा डीजल आपूर्ति व वाहन मरम्मत के नाम पर करीब सात से नौ लाख रुपये का भुगतान किया जा रहा है। जबकि पूर्व में उतने ही संसाधन व क्षेत्रफल होने पर करीब दो से चार लाख रुपये प्रतिमाह का भुगतान होता रहा है।
अपर आयुक्त का पत्र प्राप्त हुआ है, जिसके आलोक में मामले की जांच कराई जा रही है। शीघ्र ही रिपोर्ट अपर आयुक्त को प्रेषित कर दी जाएगी।
आत्रेय मिश्रा, एसडीएम सदर/प्रभारी ईओ, नपा बलिया।
मामले में किसी तरह की सच्चाई नहीं है। पहले वाहन नहीं चलते थे तो खर्च कम आता है। अब शहर की सफाई व्यवस्था में वाहनों की संख्या बढ़ाई गई है तो खर्च ज्यादा आ रहा है।
संत कुमार उर्फ मिठाई लाल, अध्यक्ष, नपा, बलिया।