बलिया। रेलवे स्टेशन को अमृत भारत योजना के तहत सुंदर बनाने का काम पिछले सात साल से चल रहा है। पिछले दो साल से स्टेशन परिसर का अधिकांश हिस्से में निर्माण के लिए खोदाई हुई। मुख्य गेट व प्लेटफाॅर्मों पर मलबा और टुकड़े जहां-तहां बिखरे पड़े हैं, जिससे यात्रियों को आने-जाने के दौरान गिरने का खतरा बना रहता है। मालगोदाम से सर्कुलेटिंग एरिया का मार्ग वाहनों के लिए बंद है।
प्लेटफाॅर्म संख्या चार, फुटओवर ब्रिज, लिफ्ट, दूसरे परिसर के भवन सहित अन्य निर्माण कार्य धीमी गति से हो रहे हैं। इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। एक साल में स्टेशन को एयरपोर्ट की तरह आधुनिक बनाया जाने का दावा अधिकारियों ने किया था। प्लेटफॉर्म नंबर दो व तीन पर चल रहे फुटओवर ब्रिज के निर्माण धीमी गति से होने के कारण ईंट, तार, लोहे के टूकड़े, टाइल्स व अन्य सामग्री बिखरी पड़ी हैं, जिसकी वजह से यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने व उतरने के दौरान खतरा बना रहता है।
कई बार तो ट्रेन पकड़ने के दौरान निर्माण सामग्री की वजह से गिर जाते हैं। सबसे ज्यादा परेशानी महिलाओं एवं बुजुर्गों को हो रही है। यात्रियों का सचेत के लिए चेतावनी बोर्ड लगाया गया है। लेकिन जल्दीबाजी में यात्री ध्यान नहीं देते हैं। रोज यात्रा करने वाले यात्रियों का कहना है कि कम से कम अव्यवस्थित रूप से पड़ी सामग्री को व्यवस्थित करा दिया जाए। ताकि यात्री प्लेटफॉर्म पर बिना कोई परेशानी के आसानी से आ जा सकें। लेकिन रेलवे के जिम्मेदार अधिकारियों को इससे कोई लेना-देना नहीं है।
स्टेशन के उत्तरी परिसर में भवन निर्माण कार्य होने हैं। साथ ही बाहरी हिस्से को नया लुक दिया जा रहा है। पिछले आठ माह से प्लेटफाॅर्म संख्या चार पर दो मंजिला भवन का निर्माण पूरा नहीं हो सका। प्लेटफाॅर्म पर पानी की सुविधा नहीं है। दोनों परिसर व सभी प्लेटफाॅर्म को जोड़ने वाला 12 मीटर चौड़ा फुटओवरब्रिज अधिकारियों के दावों के बावजूद बन कर तैयार नहीं हुआ है। एक माह से लोहे का गार्डर तैयार हो रहा है। इसके कारण जहां तहां यात्री शेड अधूरा है, बारिश में यात्री भीग जा रहे हैं। कच्छप गति से चल रहे निर्माण कार्य यात्रियों को भारी पड़ रही है।
पीआरओ अशोक कुमार ने बताया कि स्टेशन परिसर में निर्माण कार्य में तेजी के लिए अधिकारी लगातार निगरानी कर रहे हैं। यात्री सुरक्षा का पूरा ध्यान देने का निर्देश संबंधित फर्म को है। अगर किसी प्रकार की लापरवाही सामने आई तो दोषी पर कार्रवाई तय है।