बलिया। गेहूं खरीद अभी भी जोर नहीं पकड़ पा रहा है। पांचवें दिन भी किसी क्रय केंद्र किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचे। हालांकि सभी केंद्रों पर किसान नंबर जरुर लगा रहे हैं। दूसरी ओर अब तक 8033 किसानों ने गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण कराया है। विभाग का मानना है कि किसानों के गेहूं अब तैयार हो रहे हैं, अगले तीन चार दिनों में आवक बढ़ जाएगी।
जिले में एक अप्रैल से 42 क्रय केंद्रों पर गेहूं की खरीद शुरू की गई है जो 15 जून तक चलेगी। इसमें सबसे अधिक विपणन विभाग के 17 एफसीआई के एक व पीसीएफ के 24 केंद्र हैं। इन क्रय केंद्रों पर वही किसान गेहूं बेच सकेंगे जिन्होंने ऑनलाइन पंजीकरण करा लिया है। अब तक 8033 किसानों ने पंजीकरण भी कराया है। इस वर्ष गेहूं का समर्थन मूल्य 2015 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। क्रय केंद्रों पर पीओपी (प्वाइंट ऑफ परचेज) मशीन से खरीद की व्यवस्था की गई है। लेकिन पांच दिन बीत जाने के बावजूद किसी भी केंद्र पर किसान गेहूं लेकर नहीं पहुंचे जिसके चलते कोई खरीद नहीं हो सकी। जिला विपणन अधिकारी अविनाश चंद सागरवाल ने बताया कि अभी किसानों के गेहूं तैयार हो रहे हैं और आने वाले एक दिनों में खरीद शुरु होने की उम्मीद है।