बलिया। मनियर नगर पंचायत की अधिशासी अधिकारी मणि मंजरी राय की मौत के मामले में मंगलवार को कई राज पर से पर्दा उठ सकता है। मंगलवार को नायब तहसीलदार रजत सिंह पुलिस को अपना बयान दर्ज करा सकते हैं। इस मामले में सबसे महत्वपूर्ण बयान उन्हीं का माना जा रहा है, क्योंकि उन्होंने मणि मंजरी की मौत से ऐन पहले उससे काफी देर तक मोबाइल पर बात की थी।
इसी बातचीत के बाद उन्होंने मणि मंजरी के पड़ोसियों को यह कहते हुए फोन किया था कि जल्दी जाइए, उसे बचा लिजिए, वह बहुत तनाव में है और कुछ कर जाएगी। हालांकि पड़ोसियों के पहुंचने से पहले ही मणि मंजरी फांसी पर लटक चुकी थी। यही नहीं मामले में मनियर नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता, कंप्यूटर बाबू अखिलेश व बड़े बाबू विनोद सिंह के घर पर भी सोमवार को नोटिस चिपकाया गया। इसमें कहा गया है कि आप लोग 14 जुलाई को कोतवाली बलिया में उपस्थित होकर अपना बयान दर्ज कराएं। इस बीच यह भी सूचना है कि सोमवार की देररात मणि मंजरी के परिवार के लोग भी अपना बयान दर्ज करा सकते हैं।
शहर कोतवाल विपिन सिंह के अनुसार मामले की जांच तीन विंदुओं पर चल रही है। मामले के सभी पहलुओं को देखते हुए अभी सबके बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। सोमवार की रात में बयान दर्ज कराने के लिए मणि मंजरी के परिवार के लोगों को बुलाया गया है। मंगलवार को बयान दर्ज कराने के लिए नायब तहसीलदार रजत सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष भीम गुप्ता, बाबू अखिलेश व विनोद सिंह को नोटिस भेजा गया है। कोतवाल बताते हैं कि मामला काफी सेंसटिव होने के कारण जांच में पूरी सतर्कता बरती जा रही है।