नगर के एनसीसी तिराहा स्थित विद्युत उपकेंद्र से अतिक्रमण हटावाते नगर मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा।सं
बलिया। शहर के एनसीसी तिराहा स्थित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र (सब स्टेशन) परिसर से मंगलवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटवाया।
सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान द्वितीय खंड के अधिशासी अभियंता पंकज भारती, जूनियर इंजीनियर विनोद भारद्वाज तथा बिजली विभाग और प्रशासन की टीम मौजूद रही। कार्रवाई के दौरान सब स्टेशन भवन का गेट खुलवाकर अंदर रखा गया फर्नीचर सहित अन्य अतिक्रमण मजदूरों की मदद से हटाया गया। इसके बाद बिजली विभाग ने भवन को अपने कब्जे में लेकर गेट पर ताला लगा दिया।
बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर विनोद भारद्वाज ने कहा कि जुलाई 2016 में यहां सब स्टेशन निर्माण के लिए जमीन चिह्नित हुई। वर्ष 2017 में शिलान्यास हुआ था और भवन पिछले करीब दो वर्षों से तैयार है। हालांकि कार्यदायी संस्था द्वारा अधूरा कार्य छोड़ने,विभाग को हैंडओवर करने के बजाय चाबी एक स्थानीय मकान मालिक को सौंप दिए जाने के कारण उपकेंद्र चालू नहीं हो सका।
जूनियर इंजीनियर विनोद भारद्वाज ने बताया कि अब भवन में विद्युत उपकरण स्थापित कर जल्द ही सब स्टेशन को चालू किया जाएगा। इसके शुरू होने से आवास विकास, रामदहिनपुरम, तिखमपुर, कल्पना कॉलोनी समेत आठ मोहल्लों को बिजली आपूर्ति मिलेगी। साथ ही सिविल लाइन उपकेंद्र पर बढ़े लोड में कमी आएगी और उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली बिजली कटौती से राहत मिलेगी। वहीं, दूसरी तरफ एक महिला ने सब स्टेशन की भूमि पर अपना स्वामित्व होने का दावा करते हुए जिलाधिकारी से शिकायत कर पैमाइश की मांग की है। संवाद