महिला अस्पताल से माल्देपुर तक जाने वाली प्रस्तावित मेडिकल वाईपास सड़क के दोनों तरफ हुआ अतिक्रमण
बलिया। जिला महिला अस्पताल से माल्देपुर तक निर्माणाधीन मेडिकल बाईपास कॉरिडोर के रास्ते में अतिक्रमण बाधा बन रहा है। चिह्नांकन के बाद कई लोगों ने खुद ही अतिक्रमण हटा लिया है, लेकिन माल्देपुर की ओर अब भी कुछ स्थानों पर अतिक्रमण के चलते निर्माण कार्य की गति प्रभावित हो रही है। इसे देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने अतिक्रमणकारियों को तत्काल कब्जा हटाने का निर्देश दिया है। साथ ही 10 लोगों को नोटिस जारी की गई है। विभाग अब प्रशासन के सहयोग से अतिक्रमण हटाने की तैयारी में है। मेडिकल बाईपास परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है। इसके निर्माण से शहर में जाम की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
शासन से 35.23 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य में तेजी आई है। बाईपास की कुल लंबाई 2.41 किलोमीटर है। इसके लिए शासन से 1.73 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की जा चुकी है। बाईपास की कुल चौड़ाई 12 मीटर निर्धारित की गई है, जिसमें सात मीटर चौड़ी पक्की सड़क बनाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, माल्देपुर में विभाग के पास 14 मीटर चौड़ी सड़क की जमीन उपलब्ध है। ऐसे में निर्माण के लिए 12 मीटर जगह की जरूरत है, लेकिन अतिक्रमण के कारण निर्धारित मानक के अनुरूप काम कराने में दिक्कत आ रही है। संवाद