बलिया। यूपी ऊर्जा निगमों के कर्मचारियों के भविष्य निधि के साथ घोटाले को लेकर बुधवार को प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर एक घंटे का विरोध सभा का आयोजन किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल, मुख्यमंत्री, मुख्य सचिव पत्रक भेजा गया।
इस दौरान घोटाले की जांच कर रही आर्थिक अपराध शाखा पर आरोप लगाया गया कि जांच कमेटी द्वारा जिम्मेदार अधिकारियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। चेतावनी दी गई कि यदि सात दिन में सरकार द्वारा न्याय नहीं मिला तो 20 नवम्बर 2019 से प्रदेश के सभी जूनियर इंजीनियर एवं प्रोन्नत अभियंता कार्य बहिष्कार पर चले जायेंगे। वक्ताओं ने कहा कि भविष्य निधि ट्रस्ट के चेयरमैन दवारा नियमों की अनदेखी कर कर्मचारियों के अंशदान एवं भविष्य निधि के धन को बड़े पैमाने पर एक डिफाल्टर घोषित गैर वाणिज्यिक बैंक डीएचएफएल में निवेश कराकर अरबो रुपये का घोटाला किया गया है। इस मौके पर सत्य प्रकाश सिंह, मनोज कुमार सिंह, बीबी सिंह, मुकेश कुमार सिंह, टंकेश मिश्रा, अवधेश कुमार सहित समस्त विद्युत कर्मियों अधिकारीगण मौजूद रहे।