दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाले राष्ट्रीय लोक अदालत के लिए समीक्षा बैठक को संबोधित
- फोटो : 1
बलिया। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार झा की अध्यक्षता में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत लगेगी।
बृहस्पतिवार को दीवानी न्यायालय परिसर के केंद्रीय सभागार में इसकी समीक्षा बैठक हुई। प्रशासनिक अधिकारियों और जिले के विभिन्न बैंकों के प्रबंधकों ने भाग लिया। जनपद न्यायाधीश ने पूर्व में आयोजित दो लोक अदालतों में निस्तारित मामलों के तुलनात्मक प्रदर्शन की समीक्षा की। सुलह-समझौते के आधार पर मामलों के निपटारे के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग अपने क्षेत्राधिकार से जुड़े मामलों को चिह्नित कर पक्षकारों को सुलह-समझौते के लिए प्रेरित करें।
सीओ सदर एवं नोडल अधिकारी तामीला अक्षय कुमार को निर्देशित किया गया कि सभी न्यायालयों और बैंकों की ओर से जारी नोटिस व सम्मनों की अधिकतम संख्या में समय से तामीला सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही स्थानीय स्तर पर सहयोग लेते हुए लोक अदालत के प्रति आम जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विशेष न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट/अपर जनपद न्यायाधीश एवं नोडल अधिकारी लोक अदालत प्रथमकांत, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव चंद्र प्रकाश तिवारी, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार, नगर मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा, सीओ सदर अक्षय कुमार आदि रहे।