लालगंज। दोकटी थाना क्षेत्र में जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने 12 घंटे बाद बृहस्पतिवार को तीन बाल अपचारी सहित 11 आरोपियों को पकड़ा। आरोपी युवक सोशल मीडिया पर कट्टर नाम से गैंग चलाते थे।
थानाध्यक्ष दोकटी अनुपम जायसवाल ने बताया कि चौबे के दलकी निवासी विजय चौबे ने बुधवार को तहरीर दी कि मेरे भतीजा राहुल चौबे को जान से मारने के लिए एक गैंग के लगभग दस लोग बाइक से गांव पहुंचे। भतीजा को लक्ष्य कर गोली चलाई। गोली उसके बगल से निकल गई। घर के लोग फायरिंग की आवाज सुनकर पहुंचे तो जान से मारने की धमकी देते हुए हमलावार भाग गए।
एसओ ने बताया कि बृहस्पतिवार को सोनबरसा पेट्रोल पंप के समीप चौकी प्रभारी लालगंज आशुतोष मद्धेशिया, उपनिरीक्षक समर सिंह ने घेराबंदी कर 11 युवकों को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनमें से कुछ के पास से तमंचा बरामद किया। तीन बाल अपचारियों को पकड़ा गया।
इसके अलावा सनी यादव के पास से तमंचा और कारतूस, अनूप यादव निवासी रामपुर के पास से तमंचा, प्रियांश सिंह के पास से चाकू, विकास यादव निवासी रामपुर के पास से फाइटर, हिमांशु यादव निवासी लखीराम ब्रह्म के टोला के पास से चाकू बरामद किया गया। साथ ही प्रकाश सिंह निवासी दोकटी, मनीष यादव निवासी राम नगर, ओम सिंह निवासी दोकटी को गिरफ्तार किया गया।