बलिया। जिले में शुक्रवार की देर शाम से शुरू हुई बारिश दूसरे दिन शनिवार को दोपहर बाद तक होती रही। 20 घंटे से ज्यादा समय तक हुई बारिश से जनजीवन को अस्त-व्यस्त हो गया। जिले में कुल 54 एमएम बारिश दर्ज की गई। सीयर में शुक्रवार की रात 12 बजे से बिजली गुल हो गई। 23 किमी से ज्यादा गति से चलीं तेज हवाओं के कारण 50 जगहों पर पेड़ और बिजली के खंभे गिर गए। 15 से 20 घंटे तक 350 से ज्यादा गांवों में बिजली आपूर्ति दूसरे दिन भी प्रभावित रही।
दया छपरा संवाददाता के अनुसार हस्त नक्षत्र में बारिश से राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर गंजाहवा बाबा स्थान के समीप महुआ का पेड़ गिर जाने से आवागमन ठप हो गया। वन विभाग के डिप्टी रेंजर नागेंद्र प्रताप सिंह और क्षेत्र सहायक गुप्तेश्वर ने मजदूरों के सहयोग से पेड़ कि डाली कटवा कर दो घंटे बाद आवागमन शुरू करा दिया। दयाछपरा-मधुबनी मार्ग पर पेड़ गिरने से जाम लग गया। ग्रामीणों के प्रयास से पेड़ को हटाया गया।
हनुमानगंज संवाददाता के अनुसार बलिया-सिकंदरपुर मार्ग पर स्थित जीराबस्ती सत्यम नगर कॉलोनी के सामने मुख्य मार्ग पर बारिश के बीच गिरे पेड़ से अवागमन दो घंटे तक बाधित रहा। पेड़ गिरने से बिजली के तार भी टूट गए। दोनों तरफ गाड़ियों की लंबी कतर लगी रही। सुखपुरा एसओ ने जेसीबी से पेड़ हटवा कर मार्ग को साफ कराया। नगरा संवाददाता के अनुसार नगरा-बेल्थरा मार्ग के जहांगीरापुर (कोटवारीपुर मोड़) के समीप जामुन का विशाल पेड़ बारिश के कारण गिर गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। नगर पंचायत की जेसीबी से पेड़ को कड़ी मशक्कत से हटाया। उसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
पूर संवाददाता के अनुसार रतसर-एकइल मुख्य मार्ग पर पहराजपुर गांव के सामने शीशम का पेड़ गिरने से आवागमन बाधित हो गया। पेड़ की चपेट में आने से हाइटेंशन तार टूट गया। 15 घंटे से विद्युत आपूर्ति इलाके में ठप रही। ग्रामीणों ने पेड़ काटकर यातायात चालू कराया।
सिकंदरपुर संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में बारिश से कस्बे की गलियों और सड़कों पर घुटनों तक जलभराव हो गया। जयप्रकाश नगर क्षेत्र में भारी बारिश से जयप्रकाश नगर स्थित अजित सिंह के घर के समीप करीब डेढ़ सौ वर्ष पुराना पीपल का पेड़ का आधा हिस्सा टूटकर गिर गया। दलजीत टोला के काली माता मंदिर के पीछे नीम का पेड़ गिर गया। डोमन राय के टोला में नीम का पेड़ बिजली के तार पर गिर गया। विद्युत उपकेंद्र लोकधाम ठेकहां व विद्युत उपकेंद्र जयप्रकाश नगर से जुड़े दर्जनों गावों की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई।
-
-
900 से ज्यादा खंभे गिरे, 125 ट्रांसफाॅर्मरों को पहुंचा नुकसान
अत्यधिक बारिश के कारण और इससे पेड़ गिरने से चारों विद्युत वितरण खंड में बिजली के 900 पोल टूटकर गिर गए। 125 ट्रांसफाॅर्मरों काे नुकसान पहुंचा है। विभाग की माने तो लगभग 50 लाख की क्षति हुई है। विद्युत वितरण खंड तृतीय बांसडीह के उपकेंद्र बांसडीह, मनियर, सिकंदरपुर, सैदपुर, मालदा, गौरमदनपुरा, सलेमपुर एवं जाम में आपूर्ति बाधित रही l एक्सइएन इं. राजकुमार सिंह ने बताया कि कर्मचारी व लाइनमैन गिरे पेड़ों को हटाकर और विद्युत पोलों को बदलकर अधिकतर स्थान पर विद्युत आपूर्ति सामान्य कर दी गई है।
बिजली गिरने से मकान और मंदिर क्षतिग्रस्त, जले इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
बैरिया/ घोघा। तेज बारिश के बीच गोपाल नगर टाड़ी में संकट मोचन हनुमान मंदिर पर बिजली गिरी। मंदिर की एक दीवार में इससे दरार पड़ गई। वहीं, बैरिया तहसील परिसर में भी बिजली गिरी।
घोघा संवाददाता के अनुसार बारिश के दौरान शनिवार रात करीब 11:30 के आसपास बांसडीह कस्बे के उत्तर टोला वार्ड नंबर 4 की निवासिनी शांति देवी पत्नी ओमप्रकाश तिवारी के तीन मंजिला मकान पर बिजली गिरी। छत क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, आसपास के कई मकानों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। उत्तर टोला निवासी मनजी ने बताया कि तेज बारिश के बीच परिवार के साथ सो रहे थे। इसी बीच बिजली गिरने से स्टेबलाइजर से धुंआ निकलने लगा। सुधाकर तिवारी ने बताया कि मेरा इनवर्टर और पंखा जल गया। वहीं, निठाली मिस्त्री का पंखा जल गया है। मणिशंकर तिवारी के घर का इनवर्टर और बल्ब खराब हो गए। संवाद
बिजली सप्लाई बंद होने के कारण जनजीवन ठप
चितबड़ागांव। विद्युत उपकेंद्र से जुड़े क्षेत्रों में विगत 24 घंटे से विद्युत आपूर्ति ठप है। अनवरत बारिश होने और लंबे समय से बिजली न आने से एक ओर जहां सामान्य जन जीवन ठप रहा, वहीं बिजली आपूर्ति लंबे समय से बंद रहने के कारण उपभोक्ताओं में आक्रोश में नाराजगी रही। उपकेंद्र से संचालित होने वाले पूरा नगर पंचायत क्षेत्र सहित ग्रामीण क्षेत्रों आशापुर, बगही, सुजायत, बीबीपुर, बढ़वलिया, अख्तियारपुर, नगवा गाई, नसीरपुर कला, मानपुर, महरेई, खमीरपुर डीह सहित दर्जनों गांव पूरी रात अंधेरे में डूबे रहे।
-
रतसर-टड़वा मार्ग पर गिरा शीशम का पेड़ तथा उसे काटते लोग।संवाद- फोटो : mathura
रतसर-टड़वा मार्ग पर गिरा शीशम का पेड़ तथा उसे काटते लोग।संवाद- फोटो : mathura
रतसर-टड़वा मार्ग पर गिरा शीशम का पेड़ तथा उसे काटते लोग।संवाद- फोटो : mathura