चिलकहर। गड़वार और सलेमपुर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 70 गांव में हो रही अघोषित बिजली कटौती से करीब 30 हजार लोग उमस भरी गर्मी में परेशानियों का सामना कर रहे हैं। चार घंटे में 25 से 30 बार बिजली कटती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पूरे दिन में ठीक से दो घंटे भी विद्युत आपूर्ति नहीं हो मिल रही है। जबकि रात में महज चार घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है और 25 से 30 बार बिजली कटौती का सामना करना पड़ता है। ऐसे में घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शो पीस बनकर रह गए हैं। रात में लोगों को सोने के लिए छतों व खुले स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है। इसके अलावा बहुतेरे लोग सड़कों पर टहल कर रात गुजार रहे हैं।
वहीं, बिजली निगम के जिम्मेदार विद्युत कटौती पर कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं हैं। क्षेत्रीय लोगों ने संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्ष करते हुए विद्युत आपूर्ति सुचारु करने की मांग की है।
इस संबंध में गड़वार फीडर के जेई विपिन सिंह का कहना है कि अधिक लोड होने व गर्मी की वजह से कुछ फाल्ट हो जा रहे हैं, जिससे तार गलने लग रहे हैं। जिसकी वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो जा रही है। कई बार मेन सप्लाई नहीं होने की वजह से ऐसी दिक्कत हो रही है। फॉल्ट न हो इसको लेकर प्रयास जारी है।