बलिया। बिजली की आपूर्ति जिलेभर में बेपटरी हो चुकी है। कहीं भी निर्धारित रोस्टर के अनुसार आपूर्ति नहीं हो रही है। जबकि विभागीय अधिकारी समीक्षाओं में रोस्टर के अनुसार आपूर्ति आपूर्ति की रिपोर्ट देते हैं। विभागीय अधिकारियों की यह बाजीगरी पिछले कई महीनोंं से चल रही है। आलम यह है कि पिछले कई दिनों से सोहांव, नगरा, नवानगर, बैरिया, बेल्थरारोड, पंदह आदि कई ब्लॉकों के गांवों में सात से आठ घंटे की कटौती हो रही है। लेकिन कागजों में यह सब कुछ दुरुस्त रखा जाता है ताकि रैंकिंग अव्वल रहे।
शासन की ओर से नगरीय क्षेत्रों के लिए 24 और ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 18 घंटे बिजली आपूर्ति का रोस्टर निर्धारित किया गया है। लेकिन शहर से लेकर गांव तक कटौती की जाती है इसके बावजूद विभागीय अधिकारी इस पर पर्दा डालने का काम कर रहे हैं। बीते गर्मी के दिनों में जब बिजली की आपूर्ति पूरी तरह चरमराई हुई थी, उस समय भी विभागीय अधिकारी आपूर्ति को रोस्टर के अनुसार आपूर्ति होने की रिपोर्ट शासन को भेजा करते थे जो मुख्यमंत्री डैश बोर्ड पर फीड भी होता था।
वर्तमान में बिजली की आपूर्ति रोस्टर के अनुसार हो रही है। कहीं लोकल फॉल्ट होने पर आपूर्ति बाधित होती है। हालांकि कर्मचारी फॉल्ट दुरुस्त कर आपूर्ति बहाल करते हैं। कुछ जगहों पर तार आदि बदलने का कार्य चल रहा जिसके चलते आपूर्ति प्रभावित होती है। - नरेंद्र प्रकाश, अधिशासी अभियंता, विद्युत, बलिया।