सिकंदपुर कस्बा स्थित बस पर गिरा जर्जर विद्युत खंभा।
- फोटो : BALLIA
नवानगर/सिकंदरपुर। सिकंदरपुर नगर पंचायत क्षेत्र में जर्जर विद्युत पोल शनिवार की सुबह सवारियों से भरी बस पर गिर गया। संयोग था कि उस समय बिजली की आपूर्ति बंद थी।
मनियर से सवारी लेकर मऊ जाने वाली बस सुबह स्थानीय बस स्टैंड चौराहे पर प्रतिदिन की तरह खड़ी थी। बस में यात्री बैठे हुए थे। इसी बीच बगल में स्थित स्ट्रीट लाइट वाला विद्युत पोल अचानक बस पर गिर गया। बस में बैठे लोग बाल-बाल बच गए। संयोग था कि घटना के वक्त बिजली प्रवाहित नहीं हो रही थी। बस पर पोल के गिरते ही सवारियों में खलबली मच गई। यात्री बस से उतरकर भागने लगे। बस में करीब 40 यात्री सवार थे और अधिकांश इलाज के लिए मऊ जा रहे थे। आसपास के लोगों की माने तो जर्जर पोल को बदलने के लिए कई बार नगर पंचायत को लिखित रूप में सूचना दी गई। बावजूद इसके, इसे बदला नहीं गया। यही नहीं, कस्बा में दर्जनों ऐसे विद्युत पोल हैं, जो जर्जर स्थिति में है लेकिन इसको बदलने की कार्रवाई नहीं हो रही है। लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर यह घटना हुई उसके आसपास के भी पोल जर्जर हैं। कभी भी हादसा हो सकता है। इसको बदलने की कार्रवाई नहीं हो रही है।
नगर में स्थित स्ट्रीट लाइट के जर्जर पोल की जांच कराई जाएगी। जल्द ही जर्जर पोल को बदलने का कार्य किया जाएगा। - रविंद्र वर्मा, चेयरमैन, नगर पंचायत सिकंदरपुर