दुबहर थाना क्षेत्र के बंधुचक गांव निवासी मृतक शिवशंकर यादव। फाइल फोटो, परिजन
दुबहर। थाना क्षेत्र के बंधुचक गांव में मंगलवार को मवेशियों को गंगा में पानी पिलाने गए 65 वर्षीय शिव शंकर यादव की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। बाढ़ के कारण नदी का जलस्तर बढ़ा हुआ था। अचानक पैर फिसलने और गहरे गड्ढे में चले जाने से वह पानी में समा गए। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों ने कुछ दूरी पर शव बरामद किया। नगवां के बंधुचक निवासी शिव शंकर यादव मंगलवार सुबह भोजन करने के बाद रोज की तरह अपनी दो भैंस और एक गाय को लेकर दियारा क्षेत्र में घास चराने गए थे। दोपहर में मवेशियों को पानी पिलाने के लिए वह गंगा किनारे पहुंचे। इसी दौरान नदी में पैर गहरे गड्ढे में चला गया और वह डूबने लगे। पास में मौजूद अन्य चरवाहों ने शोर मचाकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन देखते ही देखते वह गहरे पानी में डूब गए।
कुछ ही देर में सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने नदी में तलाश शुरू की और काफी प्रयास के बाद कुछ दूरी पर शिव शंकर का शव बरामद कर लिया। परिजनों के अनुसार शिव शंकर तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे और अविवाहित थे। दुबहर थानाध्यक्ष अनुपम जायसवाल ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस और राजस्व टीम ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।