मझौवां। विकास खंड बेलहरी के मझौवा-धर्मपुरा गांव स्थित सत्रहवीं शताब्दी के प्राचीन एवं चर्चित मठ में विधि-विधान के साथ सातवें मठाधीश का मनोनयन हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जिले के विभिन्न मठों से आए मठाधीशों, साधु-संतों और श्रद्धालुओं की उपस्थिति में आयोजन हुआ।
मठ के पूर्व मठाधीश मकसूदन आचार्य का निधन 9 जून 2025 को हो गया था। उनके निधन के बाद से मठ की धार्मिक एवं प्रशासनिक गतिविधियां प्रभावित हो रही थीं। इसे देखते हुए ग्रामवासियों, साधु-संतों एवं मठ से जुड़े शिष्यों की सहमति से धर्मपुरा गांव निवासी आठ वर्षीय अनुग्रह नारायण आचार्य को मठ का सातवां मठाधीश मनोनीत किया गया।
मनोनयन समारोह के दौरान आचार्यों ने वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजन-अर्चन एवं हवन कराया। इस अवसर पर उपस्थित संत-महात्माओं ने नवमनोनीत मठाधीश को आशीर्वाद देते हुए मठ की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने की कामना की। साथ ही मठ पर प्रसाद ग्रहण कराकर साधु संतों को अंगवस्त्र से सम्मानित कर विदाई की ई। समारोह में ग्राम प्रधान भूपेश सिंह, ग्राम प्रधान धर्मबीर सिंह, पूर्व प्रधान रामानंद सिंह, राजू तिवारी आदि रहे।