जिले में सड़कों की दशा सुधारने की कवायद तेज हो गई है। आठ सड़कों को त्वरित आर्थिक विकास योजना में शामिल किया गया है। इन मार्गों पर लेपन व जलभराव वाले स्थानों पर सीसी रोड बनेगा। शासन ने इन मार्गों का प्रस्ताव मांगा है। डीएम के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी प्राक्कलन तैयार करने में जुटा है। इसके बाद शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
जिले में अधिकांश सड़कों की दशा खराब है। हालांकि वर्तमान में शासन के निर्देश पर गड्ढा मुक्त अभियान चलाया जा रहा है। लेकिन अभी भी सड़कें दुरुस्त नहीं हैं। इतना ही नहीं लोक निर्माण विभाग की ओर से जनपद के कुल 1071 सड़कों को क्षतिग्रस्त माना गया है और शासन को रिपोर्ट भी भेजी है। अब शासन ने आठ सड़कों को त्वरित आर्थिक विकास योजना में शामिल करते हुए प्रस्ताव मांगा है। शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी ने प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिया है। अधिकारियों की मानें तो लोक निर्माण विभाग की ओर से इन सड़कों का प्राक्कलन तैयार किया जा रहा है और जल्द ही शासन को भेजा जाएगा।
यह हैं आठ सड़कें
- रेवती स्टेशन से कंचनपुर छोटकी बेलहरी तक लेपन व सीसी कार्य, लंबाई करीब 4.5 किमी
- ग्राम सभा मुड़ाडीह से अघैला मुख्य मार्ग तक लेपन व सीसी कार्य, लंबाई करीब 4 किमी
- ग्राम सभा भोजछपरा हंडिया मुख्य मार्ग से चौरासी बस्ती होते तक लेपन व सीसी कार्य, लंबाई करीब 4 किमी
- राज्यमार्ग 1 बी रेवती से भाखर मघमरिया से आगे तक सीसी मार्ग का निर्माण (डूब क्षेत्र)
- दतौली मुड़ाडीह अघैला संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य
- बांसडीह सहतवार मुख्य मार्ग से सुरहिया सोहवल होते हुए बांसडीह सहतवार मुख्य मार्ग तक निर्माण कार्य
- बलिया-बांसडीह मुख्य मार्ग से साहोडीह आसचौरा होते हुए बांसडीह सहतवार मुख्य मार्ग तक निर्माण कार्य
- कुंआ पीपर प्राथमिक पाठशाला से होते हुए घरभरन बाबा के मठिया होते हुए बलिया रेवती संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य
जिले की आठ सड़कों को त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत शामिल करते हुए शासन ने प्रस्ताव मांगा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर लोक निर्माण को प्राक्कलन बनाने को कहा गया है। जल्द ही प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।
- विजय शंकर, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, बलिया।