भाजपा समर्थित जिला पंचायत सदस्य पद के प्रत्याशी के पति एवं पत्रकार पर हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रविवार को रामगढ़ ढाले की दूकानें बंद रहीं। इस दौरान एसडीएम और सीओ पुलिस फोर्स के साथ मौजूद थे।
सदर तहसील क्षेत्र के वार्ड नंबर 59 से जिला पंचायत सदस्य की प्रत्याशी मीरा देवी के पति अयोध्या प्रसाद हिंद अपने समर्थकों के साथ क्षेत्र में शनिवार को शुक्लछपरा होते हुए बादिलपुर वोट मांगने जा रहे थे। इसी बीच एनएच-31 पर स्थित शुक्लछपरा ढाले पर ताजिया जुलूस निकाला गया था। जहां बगल से अयोध्या प्रसाद अपने वाहन से धीरे-धीरे आगे बढ़ रहे थे। इसी बीच एक समुदाय के कुछ मनबढ़ युवकों ने उनके ही गले में पड़े गमच्छे को खींचकर गला दबा कर जान से मारने का प्रयास किया था।
भागने का प्रयास करने पर उनकी लात-घूसे और डंडे से पिटाई की गई थी। साथ ही धारदार हथियार से भी मारने का प्रयास किया गया। बेहोशी की हालत में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया था।
मामले में घायल के पुत्र बासुदेव भाई के तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद शुक्लछपरा निवासी नबाब मियां, सिकंदर मियां, रैनूद्दीन तथा चोल्हन चक निवासी मनौव्वर अली के अलावा और 12 अज्ञात के विरूद्ध संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू की। उधर, आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर रामगढ़ ढाले के दूकानदारों ने अपनी दूकानों को बंद रखा। इस दौरान शांति-सुरक्षा के मद्देनजर बैरिया एसडीएम राधेश्याम पाठक, सीओ त्रैयंबकनाथ दूबे के अलावा पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।