बलिया। मौसम शुक्रवार को पूरी तरह से साफ रहा। अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम 29.5 दर्ज किया गया था। इस प्रकार 24 घंटे में तीन डिग्री तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई।
गांधी महाविद्यालय मिड्ढा के मौसम वैज्ञानिक प्रो. सुरेश सिंह ने बताया कि तीन-चार दिनों तक मौसम इसी तरह रहने का अनुमान है। कुछ क्षेत्रों में बीच-बीच में हल्की बारिश होने की संभावना है। पांच दिनों से आसमान में जमे बादलों को देखकर किसान झमाझम बारिश की आस लगाए हुए थे लेकिन शुक्रवार को आसमान साफ होने के साथ ही तीखी धूप रही। किसानों की धान की रोपाई बाधित हो गई है। मौसम के रुख को देखते हुए किसान अब नलकूप व अन्य संसाधनों से खेतों में रोपाई में जुट गए हैं।