बलिया। कोरोना संक्रमण से बचाव के उद्देश्य से जिलापूर्ति अधिकारी कृष्ण गोपाल पांडेय ने जनपद के सभी विकास खंड के करीब 1331 राजकीय सस्ते गल्ले के विक्रेताओं में मॉस्क का वितरण किया। रविवार को शहर से अमृतपाली स्थित बेलहरी ब्लाक के गोदाम पर खाद्यान्न की निकासी कराने आए 56 कोटेदारों में डीएसओ ने मॉस्क वितरित किया। इसके अलावा गोदाम पर तैनात कर्मचारियों और मजदूरों को भी मॉस्क दिया ताकि कोरोना संक्रमण से बचाव हो सके। इस दौरान उन्होंने कोटेदारों को नसीहत दी कि खाद्यान्न वितरण के दौरान सरकार द्वारा जारी दिशा निर्देशों का अनुपालन करने के साथ ही कार्डधारकों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने और साबुन से हाथ धोने के लिए भी प्रेरित करें। कहा कि कोरोना से बचाव का यही एक मात्र उपाय है। इसके पूर्व जिलापूर्ति अधिकारी ने मंडी समिति परिसर और टकरसन में स्थित गोदामों में जाकर विकास खंड दुबहड़ के 68, हनुमानगंज के 60 कोटेदारों में मॉस्क बांटे। जबकि अन्य 14 विकास खंड के राजकीय सस्ते गल्ले के दुकानदारों में मार्केटिंग, आपूर्ति निरीक्षकों और ब्लॉक संघ के अध्यक्षों के माध्यम से मॉस्क उपलब्ध कराया। इस अवसर पर विपणन निरीक्षक पूर्णेंदु प्रवीन, अरूण कुमार, संजय ओझा, अनिल तिवारी, दिनेश राय, सुनील पांडेय, पिंटू तिवारी, मदन राय, कुंती देवी आदि रहे।