मंगलवार की भोर से रुक रुककर हो रही रिमझिम बारिश देर शाम होती रही। बर्फीली हवाओं के बीच शुरू हुई हल्की बरसात से जहां किसानों की आंखों में चमक दिखी तो अन्य लोगों के लिए मुसीबत हो गई है। ठंडी हवाओं से तापमान गिर गया है। दोपहर तक लोग घरों में ही दुबके रहे। बहुत जरूरी होेने पर ही घरों से निकले। बाजारों में भी कम चहलपहल दिखी। बच्चे किसी तरह बचते बचाते स्कूल पहुंचे।
नगर के अलावा जिले के अन्य हिस्सों का भी यही हाल रहा। रसड़ा संवाददाता के अनुसार बूंदाबांदी और सर्द हवा ने ठंडक बढ़ा दिया है। नगर में कीचड़ से राहगीरों को काफी परेशानी हुई। बांसडीहरोड संवाददाता के अनुसार क्षेत्र में भोर से बारिश और सर्द हवाओं से झोपड़ी में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
अलाव से ठंडक भगाते रहे। बांसडीह संवाददाता के अनुसार बूंदाबांदी से बलिया-बांसडीह मार्ग पर फिसलन काफी बढ़ गया। इससे कई बाइक सवार गड्ढे में गिरकर घायल हो गए। बैरिया संवाददाता के अनुसार बारिश से ठंड में इजाफा हुआ है। नरहीं संवाददाता के अनुसार बूंदाबांदी से कीचड़ तो हुई, लेकिन किसानों के लिए यह फायदेमंद साबित होगी। ठंड में काफी इजाफा हुआ है। बेल्थरारोड संवाददाता के अनुसार बूंदाबांदी से एक बार फिर ठंड काफी बढ़ी है।