नरहीं। नरहीं स्थित जल जलनिगम की टंकी से निकट के 15 से ज्यादा गांवों में पेयजल आपूर्ति होती है। पिछले चार दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से उपभोक्ताओं को पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। मकर संक्रांति पर्व पर भी पेयजल आपूर्ति पूरी तरह बाधित रही। उपभोक्ताओं ने बताया कि अब पानी टंकी से पेयजल की आपूर्ति की जिम्मेदारी ग्राम पंचायतों के कंधे पर डाल दी गई है।
जल निगम की टंकी से गांव बिलरिया, सोवन्था, नई बस्ती, शाहपुर, बभनौली, बैरिया, नरहीं, सुरापाली, कर्णपुरा, मैदनवा, रामपुर चिट, खमीरपुर, उसरौली, महरेंव, हसाईपुर, मर्ची, खमीरपुरडीह आदि गांवों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है। पिछले चार दिनों से जलापूर्ति बाधित हैं। जितेन्द्र नाथ राय ने बताया कि विभागीय अधिकारियों से बात की तो कह रहे हैं कि अब ग्राम प्रधान इसकी देखरेख करेंगे। क्योंकि जो कर्मचारी है उनको नगरीय क्षेत्रों में कर दिया गया है। चिंता इस बात की है कि अचानक ऐसा निर्णय क्यों लिया गया। नरहीं ग्राम प्रधान रामनारायण पासवान ने कहा कि मुझे तो इस बात की जानकारी कल हुई। ऐसे में पानी टंकी से पानी की आपूर्ति कैसे होगी बड़ा सवाल यह है। उपभोक्ताओं ने कहा कि मकर संक्रांति पर भी जल निगम नरहीं से पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से उपभोक्ताओं को पानी के लिए कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।