विभिन्न मांगों को लेकर जनपद की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने बुधवार को जिला कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय पर तालाबंदी कर दी तथा करीब एक घंटा प्रदर्शन किया। इसके बाद वहां से रैली निकालकर गड़वार तिराहा होते हुए कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची, जहां मांगों से संबंधित पत्रक जिलाधिकारी को सौंपा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चम्मच से थाली बजाकर नारेबाजी की।
महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ उप्र के बैनर तले जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय पर ताला बंदी किया तथा जमकर नारेबाजी की। जहां से राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष अजय कुमार यादव तथा आंगनबाड़ी संघ जिला संरक्षक देवेंद्र नाथ यादव के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाओं ने डीपीओ कार्यालय से रैली निकालकर गड़वार तिराहा, टीडी कालेज चौराहा होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंची।
जहां चम्मच से थाली बजाकर विरोध-प्रदर्शन किया। धरने को संबोधित करते हुए संघ के जिला संरक्षक देवेंद्र नाथ यादव ने कहा कि जब तक उपलोकायुक्त जांच में दोषी जिला कार्यक्रम अधिकारी को निलंबित या स्थानांतरित नहीं किया जाता तब तक महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ का संर्घष जारी रहेगा।
इसी क्रम में राज्य कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष ने कहा कि जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का निरंतर शोषण किया जा रहा है। जिसे संगठन कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेताया कि अगर अनावश्यक रूप से जनपद के विकास खंडो पर डीपीओ के इशारे पर सीडीपीओ तथा सुपरवाइजर द्वारा शोषण किया जा रहा है।
उसे तत्काल बंद नहीं किया गया तो हम धरने को और उग्र रूप देने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर विजेंद्र सिंह, राजेश कुमार रावत, चौधरी आनंद, विष्णुदेव सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, लालजी, रामप्रकाश श्रीवास्तव, लक्ष्मी यादव, राजकुमारी पांडेय, संतोष राय, इंदू सिंह, रीना सिंह, राजेश्वरी सिंह, बिमला पांडेय, वंदना पाठक, पूनम यादव, कमरू निशा, बबिता यादव, शकुंतला देवी, सुनीता तिवारी सहित सैकड़ा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका मौजूद रही।