हल्दी। हांसनगर गांव में भतीजे की हत्या और भाई-भाभी को चाकू मारकर जख्मी किए जाने के मामले की क्षेत्र में चर्चा होती रही। पुलिस अभी स्पष्ट नहीं कर पाई है कि घटना का कारण क्या था। जो चर्चाएं चल रही हैं उससे घटना को परवल की खेती और के हिसाब से जोड़ कर देखा जा रहा है। घटना से यह स्पष्ट हो गया है कि श्यामबिहारी का प्लान रासबिहारी के पूरे परिवार को समाप्त करने का था, लेकिन उसके अन्य बच्चे मौसी के यहां टीवी देखने गए थे जिससे बच गए। मंगलवार की देर रात बड़े भाई रास बिहारी की तहरीर पर हल्दी पुलिस ने श्याम बिहारी के खिलाफ हत्या व हत्या का प्रयास का मुकदमा दर्ज किया। जिला अस्पताल में रास बिहारी व उसकी पत्नी प्रभावती का इलाज जारी है।
हांसनगर निवासी श्याम बिहारी साहनी ने बड़े भाई रास बिहारी, भाभी प्रभावती देवी व डेढ़ वर्षीय भतीजे अभय पर धारदार हथियार से मंगलवार को हमला किया था। इसमें भतीजे अभय की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। गांव के लोगों के अनुसार बड़े भाई रासबिहारी, छोटे श्याम बिहारी और इनके चचेरे भाई सुरेंद्र साहनी ने मिलकर पिछले साल परवल की खेती की थी। अभी आधे परवल ही टूटे थे कि श्याम बिहारी दिल्ली कमाने चला गया। श्याम बिहारी मंगलवार को पूरे गांव में सुरेंद्र को ढूंढता फिर रहा था। उसकी खोज में वह कई बार उसके घर भी गया और उसके बेटे से पूछताछ की। लोगों ने बताया कि गांव में सुरेंद्र के घर के पास स्थित एक घर के सामने वह किसी नाराजगी के कारण पिछले लगभग दस साल से नहीं जाता था, लेकिन मंगलवार को उसी घर के सामने घंटों सुरेंद्र की तलाश में बैठा रहा। इसी दौरान रास बिहारी दिखा तो दो धार वाला चाकू लेकर उसी पर हमला बोल दिया। ऐसे में गांव के लोग ये अंदाजा लगा रहे हैं कि हो सकता है, हिसाब में किसी गड़बड़ी को लेकर वह नाराज हो। गांव के लोगों की मानें तो यदि सुरेंद्र उसे मिला होता तो हो सकता है वह उसकी भी हत्या कर देता, लेकिन वह गांव में नहीं होने के कारण बच गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामले में पत्नी के चरित्र को लेकर शक की बात भी सामने आ रही है। श्याम बिहारी पत्नी को लेकर दिल्ली गया था। वहां वह किसी से बात लेकर अक्सर पत्नी को पीटता था। जब तक श्याम बिहारी पकड़ा नहीं जाता, कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
-
एक दिन पहले भाभी से हुआ था नाराज
रासबिहारी के अनुसार श्यामबिहारी को दिल्ली से आए 15 दिन से अधिक हो गया था। इस दौरान लगातार वह बड़े भाई के यहां ही भोजन कर रहा था। सोमवार को दोपहर में भोजन के वक्त उसकी भाभी प्रभावती ने उसे टोका था कि कुछ काम शुरू करो, कब ऐसे ही घूमते रहोगे। पुलिस को दी तहरीर में रास बिहारी ने कहा है कि भाभी के टोकने से श्याम बिहारी नाराज हो गया था और देख लेने की धमकी भी दिया था। हमले के वक्त लगातार श्याम बिहारी ये चिल्ला रहा था कि आज तुम्हारा पूरा परिवार खत्म कर दूंगा, लेकिन तीन बेटियां और एक बेटा इसलिए बच गए कि वे अपनी मौसी के यहां गए थे।
-