नवानगर। सूबे की सरकार लाख दावा करे, लेकिन स्वास्थ्य विभाग के हालात उम्दा नहीं है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर में शनिवार की दोपहर सीएचसी के ओपीडी में तैनात चिकित्सक डॉ. दिग्विजय अपने टेबल पर सोते नजर आए। इस दौरान मरीज उनके अगल-बंगल खड़े रहे, लेकिन चिकित्सक को इसका पता नहीं रहा।
किसी ने उनकी फोटो खींच ली। करीब आधा दर्जन की संख्या में मौजूद मरीज आपस में खुसुर-फुसुर करते रहे, लेकिन चिकित्सक इससे अनजान बने रहे। इस बाबत मरीजों का कहना है कि यह स्थिति आए दिन देखने को मिलती है। कभी डॉक्टर, मरीज को बेइज्जत कर भगा देते हैं तो कभी मरीजों की घंटों इंतजार के बाद भी बारी नहीं आती।
कभी डॉक्टर अचानक अपनी ओपीडी ड्यूटी से उठ कर चले जाते हैं तो कभी ऑन ड्यूटी नींद की झपकी लेते दिखते हैं। इस संबंध में जब चिकित्सक डॉ. दिग्विजय से बातचीत करने का प्रयास किया गया तो वह टालकर निकल गए। सीएचसी अधीक्षक डॉ. ब्यास कुमार का कहना था कि मामले की जांच की जाएगी।