Ballia News: यूपी के बलिया जिले में दो साल पहले माता-पिता की माैत के बाद बड़े पापा और पड़ोसियों ने मासूम भाई-बहन को घर से निकाल दिया। उन्हें उनका मकान नहीं दिया जा रहा है। इसकी शिकायत लेकर मासूमों ने डीएम से की है।
बलिया में नगर के रामपुर महावल निवासी दो मासूम ऋषभ सिंह खरवार और बहन रितिका सिंह खरवार अपने नाना पनिचा गांव निवासी राधेश्याम के साथ सोमवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।
विज्ञापन
बच्चों का कहना है कि पिता और मां की बीमारियों से मौत हो चुकी है। पड़ोसियों ने मेरी मां का पूरा जेवरात भी रख कर घर में ताला लगा दिया। जिस कारण से हम दोनों भाई-बहन अपने नाना के यहां पनिचा रह रहे हैं।
जिलाधिकारी से नाना राधेश्याम खरवार ने फरियाद लगाते हुए कहा कि मेरी बेटी सपना की मौत बीमारी से हो गई,और दामाद रोशन को पड़ोसियों ने प्रताड़ित कर मार डाला। जिनके दो छोटे-छोटे मासूम मेरे गांव पनिच रहते हैं। बेटी और दामाद के सारा आभूषण मासूम बच्ची की बड़ी मम्मी और बड़े पिता ने रख लिया है। घर में ताला लगाकर रखा है।
विज्ञापन
इसकी शिकायत जिले के कई अधिकारियों से की, लेकिन न्याय नहीं मिला। यही नहीं इन मासूम बच्चों को सरकारी योजनाओं से लाभांवित करने के लिए सरकारी कार्यालय में चक्कर काटते-काटते थक चुके हैं। इसके बाद भी अब तक न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग किया है कि उक्त मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किया जाए। इसके साथ ही इन बच्चों को सरकारी योजनाओं से लाभांवित किया जाए।