सिकंदरपुर तहसील परिसर में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर फरियादियों की फरियाद सुनते जिलाधिकारी ?
- फोटो : BALLIA
बलिया। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने सिकंदरपुर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में जनता की फरियाद सुनी। पैमाइश से जुड़े जमीन विवाद के मामलों में जिलाधिकारी ने कहा कि राजस्व टीम नापी कर अगले थाना दिवस में ऐसे मामलों का निपटारा करा दें। एक बार फिर दोहराया कि किसी भी गांव में अविवादित वरासत का एक भी मामला लंबित नहीं रहना चाहिए। इस अवसर पर कुल 74 शिकायतें आईं, जिनमें पांच का मौके पर निस्तारण कराया गया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को इस निर्देश के साथ सौंपा गया कि गुणवत्तापरक व समयांतर्गत निस्तारण सुनिश्चित कराएं।
जिलाधिकारी श्रीहरिप्रताप शाही ने कहा कि अधिकारी मनोयोग से लग जाएं तो अधिकांश समस्याओं का समाधान आसानी से समयांतर्गत हो सकता है। यही इस समाधान दिवस का मुख्य उद्देश्य भी है। पेंशन, राशन, अवैध कब्जा, भूमि विवाद जैसे मामले प्रमुख रूप से आए। पुलिस से संबंधित मामलों को पुलिस अधीक्षक ने सुना और मातहतों को जरूरी दिशा निर्देश दिए। इस अवसर पर एसडीएम अभय सिंह, सीओ पवन कुमार, एसओसी धर्मराज यादव समेत अन्य जिला स्तरीय अधिकारी रहे।
थाने की बाउंड्री के लिए तत्काल दें प्रस्ताव
बलिया। डीएम-एसपी ने पकड़ी थाने का भी निरीक्षण किया। थाने की बाउंड्री नहीं होने पर कहा कि इसके लिए प्रस्ताव बना कर दें। किसी वजह से पकड़ी गई या सीज की गई गाड़ियां खुले में रखी गई हैं, पुलिस कर्मियों का आवास भी खुले में है। लिहाजा यह कार्य अत्यंत आवश्यक है। थाने का मेस व रंग-रोगन बेहतर होने पर डीएम-एसपी ने सराहना भी की। महज कम खर्च में बेहतर मेस की व्यवस्था देख एसपी डा. ताडा ने ऐसा ही मेस हर थाने पर बनवाने के संकेत दिए। बंदी गृह, कार्यालय के अभिलेख व मालखाना का भी गहन निरीक्षण किया। एसडीएम अभय सिंह, सीओ पवन कुमार साथ थे।