किसानों की समस्या को लेकर मंगलवार को भाजपा नेता नागेंद्र पांडेय के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ता मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुआवजे के लिए प्रदर्शन किया।
इसके बाद जिलाधिकारी से मिलकर क्षतिपूर्ति की मांग की और मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उनको सौंपा। भाजपा नेताओं ने कहा कि हफ्ते भर के अंदर दो बार तूफान और ओलावृष्टि से जनपद के किसान तबाह हो गए हैं। उनकी कमर टूट गई है। अब अन्नदाता भुखमरी के कगार पर पहुंच गए हैं।
पत्रक में बताया है कि पहले सूखा फिर शीतलहर और अब ओलावृष्टि के प्रकोप से किसानों की मेहनत की चौपट हो गई है। अब किसानों को ही खाने के लाले पड़ जाएंगे। वहीं उनको यह भी चिंता सताने लगी है कि आखिर बच्चों की पढ़ाई से लेकर घर, गृहस्थी कैसे चलाएंगे। बर्बादी के बाद किसान खून के आंसू रो रहे हैं।
किसी को बेटी के हाथ पीला करने की चिंता सता रही है, तो किसी को कर्ज चुकाने की। ऐसे में उनका खेवनहार कोई नहीं दिखाई दे रहा है। भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार से समय रहते किसानों को आर्थिक सहायता मुहैया कराने की मांग की है, ताकि वे आगे की खेती भी कर सकें।
कहा कि किसानों को क्षतिपूर्ति देने के साथ ही उनका बैंक कर्ज माफ कि या जाए। मांग किया कि इसके लिए सरकार एक विशेष टीम गठित कर गांव-गांव में जाकर क्षति का जायजा ले तथा क्षतिपूर्ति दे। पत्रक देने वालों में नंदलाल सिंह, सदानंद तिवारी, अरविंद कुमार ठाकुर, अजय चौबे, ददन वर्मा, सत्येंद्र तिवारी, गणेश दूबे आदि लोग रहे।